सच में सुपर फूड है गुड़

सच में सुपर फूड है गुड़

सेहतराग टीम

गुड़ गन्ने के रस से भी बनता है और खजूर से भी, मगर गन्ने के रस से बना गुड़ सबसे अधिक इस्तेमाल किया जाता है। इसे अंग्रेजी में ‘जैगरी’, तेलुगु में ‘बेल्लाम’, मलयालम में ‘शर्करा’, कन्नड़ में ‘बेल्ला’ और मराठी में ‘गुल’ कहा जाता है। इसे रोजाना कम मात्रा में खाने से आपको कई स्वास्थ्य संबंधी लाभ होते हैं, जिसके बारे में जानकर आप जरूर इसे अपने आहार में शामिल करना चाहेंगे:

पाचन के लिए रामबाण

गुड़ पाचन में मदद करते हुए कब्ज को दूर करता है। यह हमारे शरीर में पाचक एंजाइम सक्रिय करता है जिससे खाना पचाने में मदद मिलती है। इससे पाचन संबंधी समस्याओं जैसे बदहजमी, गैस, पेट के कीड़ों, आदि से भी मुक्ति मिलती है। यही वजह है कि कई लोग भोजन के बाद एक टुकड़ा गुड़ खाना पसंद करते हैं।

प्रदूषण से बचाव

यह शरीर को डिटॉक्सीफाई करने का काम करता है। लिवर का एक प्रमुख काम शरीर को विषैले तत्वों और दूसरी अशु‍द्धताओं से मुक्त करने का होता है। गुड़ कुदरती तौर पर शरीर की सफाई करता है, इसलिए यह लिवर का काम आसान बना देता है और उसे भी डिटॉक्सीफाई करके उसका संचालन सही करता है। इसलिए प्रदूषण से बचने के लिए इसका इस्‍तेमाल किया जाता है। 

बेहतर इम्युनिटी

गुड़ में एंटीऑक्सीडेंट और जिंक तथा सेलेनियम जैसे मिनरल होते हैं जो फ्री-रेडिकल्स (जिनसे समय पूर्व झुर्रियां आती हैं) को रोकता है। यह संक्रमणों से सुरक्षा देता है जिससे आपकी इम्युनिटी बेहतर होती है।

मूड स्विंग भूल जाएं

गुड़ माहवारी संबंधी समस्याओं का एक कुदरती इलाज है। रोज गुड़ का एक पीस खाने से महिलाओं को पीएमएस के लक्षणों से छुटकारा मिलता है। यह मूड स्विंग, ऐंठन के साथ दर्द और पेट दर्द में राहत देता है। यह एंडोर्फिन यानी हैप्पी हार्मोन के रिलीज को बढ़ावा देता है जो आपके शरीर को रिलैक्स करके आपको अच्छा महसूस कराता है।

एक्ने और मुंहासों में लाभदायक

एक्ने और मुंहासे समेत कई त्वचा संबंधी समस्याओं के उपचार और उन्हें रोकने में गुड़ मददगार होता है। इससे त्वचा दाग-धब्बो से मुक्त रहती है। इससे झुर्रियां और काले धब्बे भी दूर होते हैं।

रक्त को साफ करे

नियमित रूप से खाने पर गुड़ आपके खून की सफाई करते हुए आपके शरीर को स्वस्थ रखता है जिससे रक्त संबंधी विकारों और रोगों को रोकने में मदद मिलती है। यह आयरन की कमी को पूरा करता है और रक्त में हीमोग्लोबिन को बढ़ाते हुए आपको एनीमिया से बचाता है। इसमें आयरन और फोलेट प्रचुर मात्रा में होते हैं। खास तौर पर गर्भवती महिलाओं के लिए यह बहुत लाभदायक है। अगर आप रोज हरी सब्जियां नहीं खाते तो आप शरीर में लौह तत्व को पूरा करने के लिए रोज थोड़ा गुड़ खा सकते हैं।

ऊर्जा की खान

अगर आप कमजोरी या आलस महसूस कर रहे हैं तो एक टुकड़ा गुड़ खाने से तुरंत ऊर्जा मिलती है। इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि यह धीरे-धीरे पचता और आपके शरीर द्वारा एब्जॉर्ब किया जाता है। इसका मतलब है कि ब्लड शुगर का स्तर तुरंत नहीं बढ़ता।

श्वसन संबंधी समस्याओं को रोके

नियमित रूप से गुड़ का सेवन करते हुए आप दमा, ब्रोंकाइटिस जैसे कई श्वसन रोगों को दूर रख सकते हैं। तिल के साथ इसका सेवन श्वसन प्रणाली पर अद्भुत असर करता है। गले की सॉफ्ट टिशू पर उसका सूदिंग असर होता है जिससे गले की खिचखिच दूर होती है। आयुर्वेद के अनुसार, गुड फेफड़ों को गर्म करता है और रेस्पेरेटरी ट्रैक्ट को डायलेट करता है।

खांसी-जुकाम का इलाज

गुड़ से सर्दी-खांसी में भी राहत मिलती है। इसे कच्चे रूप में खाए जाने पर यह सबसे अधिक असरदार होता है। अगर आपको इसका स्वाद पसंद नहीं है तो आप इसे चाय या गर्म पानी में मिलाकर इन समस्याओं से राहत पा सकते हैं। माइग्रेन और सिरदर्द में भी यह काम आता है।

जोड़ों का दर्द

अगर आपके जोड़ों में लगातार दर्द रहता है, तो गुड़ खाने से आपको राहत मिल सकती है। जोड़ों के दर्द को दूर करने के लिए इसे एक टुकड़ा अदरक के साथ खाएं। रोज गुड़ के साथ एक गिलास दूध हड्डियों को मजबूत बनाता है।

शरीर के तापमान को नियंत्रित रखता है

शरीर के तापमान को नियंत्रण में रखने में भी गुड़ मदद करता है। खास तौर पर दमा के रोगियों को हर समय शरीर के तापमान को नियंत्रण में रखना पड़ता है, उनके लिए यह लाभकारी है। यह एक भ्रम है कि गर्मियों के दौरान गुड़ नहीं खाया जा सकता। एक छोटा टुकड़ा गुड़ गर्मियों में भी रोज खाने से पेट ठंडा रहता है और शरीर का तापमान सामान्य रहता है।

हिचकी को दूर करे

अगर आपको बार-बार हिचकी आने की शिकायत है तो सूखे अदरक पाउडर के साथ मिलाकर गुड़ खाएं। इस मिश्रण को एक गिलास गर्म पानी के साथ लेने पर लाभ होता है। इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए 3 ग्राम गुड़ को 500 मिलीग्राम अदरक पाउडर के साथ मिलाएं।

स्पर्म बढ़ाए

आयुर्वेद के अनुसार गुड़ को आंवला पाउडर के साथ मिलाकर खाने से स्पर्म की गुणवत्ता में सुधार होता है, साथ ही स्पर्म के उत्पादन को भी बढ़ावा मिलता है। यह शरीर की कमजोरी को दूर करता है और पुरुषों में यूरिनरी समस्याओं को रोकता है।

रेसिपी

गुड़ की रोटी: गुड़ को कद्दूकस करके रख लें। एक कप आटे में कद्दूकस किया गया गुड़ और दूध मिलाते हुए नर्म आटा गूंथ लें। अब उसे चपाती की तरह बेलकर घी से सेंक लें। यह एक सरल रेसिपी है, जिससे आप गुड़ के फायदे ले सकते हैं। इसे बनाने का एक दूसरा तरीका भी है, दूध की मात्रा बढ़ाकर आटे को चीले के घोल की तरह तैयार कर लें और उसे तवे पर फैलाकर मध्यम आंच पर घी लगाते हुए दोनों ओर सुनहरा सेंक लें।

हालांकि गुड़ को कम मात्रा में ही खाना चाहिए क्योंकि इसमें कैलोरी अधिक होती है। गुड में प्रति ग्राम 4 कैलोरी होती है। डायबिटिज से पीड़ित या वजन कम करने का लक्ष्य रखने वाले लोगों को नियंत्रित मात्रा में गुड़ का सेवन करना चाहिए।

इन्‍हें भी पढें: इतना फायदेमंद है कि यहां के लोग जेब में रखते हैं एक आलू

गुणों से है मालामाल रसोई में मौजूद ये छाल

खूब खाएं, वजन घटाएं

अलसी के छोटे दानों के फायदे हजार

Disclaimer: sehatraag.com पर दी गई हर जानकारी सिर्फ पाठकों के ज्ञानवर्धन के लिए है। किसी भी बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या के इलाज के लिए कृपया अपने डॉक्टर की सलाह पर ही भरोसा करें। sehatraag.com पर प्रकाशित किसी आलेख के अाधार पर अपना इलाज खुद करने पर किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की ही होगी।